ख़बर गवाह
गर्भवती की स्वास्थ्य जांच कर चिकित्सकों ने दी प्रसव पूर्व बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी
सीकर, 9 दिसम्बर।। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार नौ दिसम्बर को जिले के राजकीय चिकित्सा संस्थानों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया गया। इसके तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। गर्भावस्था में बरतने वाली सावधानियों व पोषण युक्त आहार की जानकारी दी गई। प्रत्येक माह में अब तीन बार मनाया जाएगा। 18 व 27 तारीख को भी चिकित्सा संस्थानों पर गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ निर्मल सिंह ने बताया कि गर्भावस्था व प्रसव के दौरान जोखिम को कम करने के लिए प्रत्येक माह विभाग की ओर से सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया जाता है। इसके तहत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, एसडीएच और जिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था एवं प्रसव संबंधी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि जिले के 153 चिकित्सा संस्थानों पर 2 हजार 427 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजीव ढाका ने बताया कि दांता क्षेत्र में 417, कूदन ब्लॉक में 185, लक्ष्मणगढ़ ब्लॉक में 266, श्रीमाधोपुर ब्लॉक में 314 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। वहीं नीमकाथाना ब्लॉक में 467, खण्डेला क्षेत्र में 307, पिपराली ब्लॉक में 217 और फतेहपुर ब्लॉक में 211 और राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत सीकर शहर में संचालित पांच अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 43 जांच की गई। उन्होंने बताया कि चिकित्सा संस्थानों पर गर्भवती महिलाओं की हिमोग्लोबिन, एचआईवी, सिफलिस, ब्लड प्रेशर, तापमान की जांच, हृदय स्पंदन व प्रसव से संबंधित जटिलताओं की जांच कर आईएफए, कैल्शियम और अन्य आवश्यक दवाइयां दी गई।
Contents May Subject to copyright
Disclaimer: We cannot guarantee the information is 100% accurate
Comments
Post a Comment