सीकर। केरल में आयोजित 8वीं राष्ट्रीय इंडोर नौकायान प्रतियोगिता में राजस्थान की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किए। राजस्थान टीम के कोच मदन लाल ताखर ने बताया कि अश्विनी बालिका कॉलेज बाय की छात्राओं ने इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता के पहले दिन पैरा महिला वर्ग में अनीता ने शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीतकर राजस्थान का नाम रोशन किया। इसी दिन महिला एकल वर्ग में पूजा काजला ने दमदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया।प्रतियोगिता के दूसरे दिन महिला जोड़ी स्पर्धा में केशर और अनीता वर्मा की जोड़ी ने कांस्य पदक जीतकर टीम की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा।यह उपलब्धि न केवल इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की मेहनत और लगन को दर्शाती है, बल्कि राज्य के खेल क्षेत्र में बढ़ते कदमों का भी प्रतीक है। पैरा महिला और महिला दोनों श्रेणियों में मिली सफलता राजस्थान के खेल भविष्य के लिए एक सकारात्मक संकेत है।
Disclaimer: We cannot guarantee the information is 100% accurate
0 Comments