चार नगर निकाय चुनाव में 73.34 प्रतिशत हुआ मतदान। कुल 2 लाख 95 हजार 532 मतदाताओं में से 2 लाख 14 हजार 548 ने किया मतदान
*********
सीकर, 11 सितम्बर। नगर निकाय आम चुनाव 2026 के तहत शुक्रवार को द्वितीय चरण में सीकर जिले के रामगढ़ शेखावाटी, सीकर, धोद और लोसल में मतदान हुआ। चारों नगर निकायों में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो शाम तक जारी रहा। बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और दिव्यांग मतदाताओं ने भी मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उत्साह से शुरुआत हुईं मतदान दिवस की
मतदान दिवस की शुरुआत सुबह 7 बजे मतदान केन्द्र खुलने के साथ हुई। कई मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाता पहुंचने लगे और अपनी बारी का इंतजार करते हुए मतदान किया। दिन बढ़ने के साथ मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही।
मतदान को लेकर विभिन्न आयु वर्ग के मतदाताओं में उत्साह नजर आया। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी परिजनों की सहायता से मतदान केन्द्रों तक पहुंचे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभाई।
Zen Gs और महिलाओं ने भी दिखाया उत्साह
जिन बच्चों का पहली बार वोट लगा था उनमें वोट को लेकर उत्साह था और महिलाएं ग्रुप बनाकर समूह के अंदर वोट देने पहुंची और हर भूत पर लोगों के मध्य चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला और ऐसा लग रहा था जैसे लोकतंत्र का त्योहार सर चढ़कर बोल रहा है।
शांतिपूर्ण रहा मतदान -जिला निर्वाचन अधिकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि रामगढ़ शेखावाटी, सीकर, धोद और लोसल नगर पालिकाओं में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतदाताओं ने स्वतंत्र और भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उन्होंने बताया कि मतदान शुरू होने से पहले मतदान दलों ने पोलिंग एजेंटों की मौजूदगी में मॉक पोल की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद मतदाताओं ने ईवीएम के माध्यम से अपने पसंदीदा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया।
क्या रहे मतदान के आकंडे?
जिले के चार नगर निकायों में कुल 2 लाख 95 हजार 532 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 2 लाख 14 हजार 548 मतदाताओं ने मतदान किया। इस तरह कुल मतदान प्रतिशत 73.34 प्रतिशत रहा।
106 वर्षीय शिव प्रसाद ने किया मतदान, लोकतंत्र के प्रति दिखाया उत्साह:
नगर निकाय आम चुनाव 2026 के दौरान सीकर के राधाकिशनपुरा स्थित वार्ड नंबर 46 में लोकतंत्र के प्रति उत्साह की प्रेरणादायी तस्वीर देखने को मिली। यहां 106 वर्षीय शिव प्रसाद अपने पोते अमित चिरानिया के साथ व्हीलचेयर पर मतदान केन्द्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
शिव प्रसाद के पोते अमित चिरानिया ने बताया कि दादाजी की मतदान करने की इच्छा थी। उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए उन्हें व्हीलचेयर पर मतदान केन्द्र लाया गया। 106 वर्ष की उम्र में मतदान केन्द्र पहुंचकर मतदान करने का उनका उत्साह अन्य मतदाताओं के लिए भी प्रेरणादायी रहा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जताया मतदाताओं का आभार:
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने द्वितीय चरण के नगर निकाय चुनाव में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान में भागीदारी निभाने वाले सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग देने वाले मतदान दलों, चुनाव अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और अन्य संबंधित कार्मिकों का भी धन्यवाद किया।
Tags : #KhabarGawah #Local_news, #Sikar_News, #Shekhawati_news, #Voting_percentage। #nikay-chunav

Comments
Post a Comment