सीकर, 24 जून। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा का शुभारंभ मंगलवार को फतेहपुर उपखण्ड में किया गया। पहले दिन बाटोद, बीबीपुर एवं बिरानिया ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित हुए। उपखण्ड अधिकारी दमयंती कंवर ने जानकारी दी कि यह पखवाड़ा 9 जुलाई 2025 तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन शिविर प्रातः 9:30 बजे से सायं 5:30 बजे तक ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होंगे।
इन शिविरों में राजस्व, ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, ऊर्जा, जलदाय, जल संसाधन, कृषि एवं उद्यानिकी, वन, खाद्य, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, जनजाति क्षेत्रीय विकास, शिक्षा, उच्च शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा स्वायत्त शासन विभाग से संबंधित कार्य संपादित किए जाएंगे। शिविरों की समुचित निगरानी एवं संचालन के लिए विकास अधिकारी नरेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार रामनिवास मीणा तथा सामाजिक सुरक्षा अधिकारी रूपाराम सैन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
ब्लॉक स्तर पर समन्वय हेतु एसडीएम की निगरानी में कार्य किया जाएगा, जबकि तहसीलदार हितेश चौधरी को शिविरों की कार्ययोजना क्रियान्वयन का उत्तरदायित्व सौंपा गया है। शिविरों की प्रभावी तैयारी के लिए सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विभागों के लिए अग्रिम दलों का गठन करें एवं प्रारंभिक तैयारियों की रूपरेखा तैयार करें ताकि मुख्य शिविर के दिन अधिकतम आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा सके। इसके अतिरिक्त, पंचायत समितियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिविरों में बिजली, पावर पॉइंट, पेयजल, टेंट आदि बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करें, जिससे शिविरों का संचालन व्यवस्थित रूप से हो सके।
Any Error? Report
Contents May Subject to copyright
Disclaimer: We cannot guarantee the information is 100% accurate
Comments
Post a Comment