Cover Story : 'फ्लैश मैरिज इंडस्ट्रीज' का फैलता जाल और नकली दुल्हनों के जाल में फंसते अविवाहित मर्दों की कहानी

     Image Sources: Google

शादी ना होने का दर्द आज सिर्फ भारत या किसी एक देश की समस्या नहीं, बल्कि एक वैश्विक हकीकत बन चुका है, जहाँ अकेलेपन और सामाजिक दबाव के बीच लोग हर रास्ता अपनाने को तैयार दिखते हैं।


टूटी उम्मीदों का शहर: गुइयांग में एक शादी की दास्तान


इसी कड़ी में चीन के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से, गुइझोऊ प्रांत के शहर एक मर्द की कहानी सामने आती है, जहाँ 'फ्लैश मैरिज' यानी तुरंत होने वाली शादियों के नाम पर एक पूरा धंधा खड़ा हो गया है, जो अकेलेपन से जूझ रहे पुरुषों की मजबूरी का फायदा उठा रहा है। यह ना केवल चीन बल्कि इंडिया में भी अनेकों रूप में मौजूद है और लूट जारी है

 

37 साल की उम्र और टूटी उम्मीदें

37 साल के यह चीनी मर्द भी इसी भीड़ का हिस्सा था, जिसने उम्र के इस पड़ाव पर शादी की उम्मीदें लगभग छोड़ दी थीं। तभी उसकी नजर शादी कराने वाले विज्ञापनों पर पड़ी, जिनमें दावा किया गया था कि अब उन्हें सालों तक रिश्तों की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा और वे जल्द से जल्द अपनी जीवनसाथी पा सकते हैं।

मैचमेकरों ने इस चीनी को समझाया कि गुइझोऊ की लड़कियां कम खर्च में घर चलाने वाली, घरेलू कामों में निपुण और बेहद आज्ञाकारी होती हैं, जो गरीब परिवारों से आती हैं और शादी के बाद बिना शर्त पति के परिवार में रच-बस जाती हैं। इन बातों ने उस चीनी के मन में नई उम्मीदें जगा दीं और वे अपनी जीवनसाथी की तलाश में गुइयांग चले गए, जहाँ एजेंसी ने उन्हें एक-के-बाद-एक 'ब्लाइंड डेट' कमरों में महिलाओं से मिलवाया।

क्या है ब्लाइंड डेट?

ब्लाइंड डेट (Blind Date) एक ऐसी रोमांटिक या सामाजिक मुलाकात होती है जिसमें दो ऐसे लोग पहली बार मिलते हैं जो पहले कभी एक-दूसरे से नहीं मिले होते और अक्सर एक-दूसरे के बारे में बहुत कम या बिल्कुल भी जानकारी नहीं रखते।

ब्लाइंड डेट का शाब्दिक अर्थ है “अंधी मुलाकात” या “अनजान साथी के साथ डेट”, जहाँ दोनों पक्ष बिना एक-दूसरे को देखे या जाने मिलने के लिए तैयार होते हैं। इसमें आमतौर पर कोई तीसरा व्यक्ति—जैसे दोस्त, परिवार का सदस्य, या कोई मैचमेकर ही दोनों का परिचय करवाता है, या फिर ऑनलाइन डेटिंग ऐप/वेबसाइट के जरिए यह मुलाकात तय की जाती है।



आठवीं मुलाकात और फैसलाकुन गलती

एजेंसी के कर्मचारी हर मुलाकात पर कड़ी नजर रखते थे और दोनों पक्षों को अपना फोन नंबर या निजी संपर्क साझा करने से सख्ती से मना किया गया था, वरना जुर्माने की धमकी दी जाती थी। आठवीं महिला से मिलने के बाद चीनी मर्द को लगा कि उनकी तलाश पूरी हो गई है; वह उम्र में उनसे छोटी, सादगी से कपड़े पहनने वाली और पहली नजर में ईमानदार व अंतर्मुखी दिख रही थी, ठीक वैसी जैसे वे चाहते थे। दोनों चार या पांच बार मिले और हर मुलाकात सिर्फ आठ से दस मिनट की होती थी, लेकिन इतने कम समय में ही वांग ने तय कर लिया कि यही महिला उनके लिए सही है।

उन्होंने एजेंसी और दुल्हन के परिवार को मिलाकर ब्राइड प्राइस, एजेंसी फीस और शादी के इंतजामों पर करीब 4 से 5 लाख युआन यानी जीवनभर की जमा-पूंजी खर्च कर दी, जो करीब 44,000 डॉलर के बराबर थी।

 

शादी के बाद की कड़वी सच्चाई

शादी को एजेंसी ने शानदार तस्वीरों और वीडियो की सीरीज के रूप में रिकॉर्ड किया, जिन्हें बाद में सोशल मीडिया विज्ञापनों में दिखाकर नए ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए इस्तेमाल किया गया। शुरुआती महीनों में वांग को लगा कि उनका अकेलापन खत्म हो गया है, लेकिन जल्द ही कर्ज वसूलने वालों के लगातार आते फोन ने उनकी नई जिंदगी की चूलें हिला दीं।

कर्जदारों के फोन के बाद इस चीनी मर्द को शक हुआ और उन्होंने पत्नी के फोन व दस्तावेज खंगालने शुरू किए, तब उन्हें असली झटका लगा। पता चला कि जिस महिला से उन्होंने शादी की, वह पहले कराओके बार में काम कर चुकी थी, तीन बार शादी कर चुकी थी, तीन बच्चों की मां थी, यौन संक्रमण से जुड़ी गंभीर बीमारी से जूझ रही थी, भारी कर्ज में डूबी थी और अपनी उम्र तक झूठी बताई थी।

 


टूटा विश्वास और कानूनी जंग

जब चीनी मर्द  ने इन सब बातों पर पत्नी से सवाल किया तो उसने तलाक मान लेने की बात तो कही, लेकिन दहेज और शादी पर खर्च हुई एक भी रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इस सिलसिले में फंसे इस चीनी मर्द का कहना है कि उन्होंने एजेंसी से मदद मांगी, लेकिन जब वे दफ्तर पहुंचे तो वहां ताला लटका था और कंपनी अपना सारा सामान समेट कर गायब हो चुकी थी। आज वांग गुइयांग के एक किराए के छोटे से फ्लैट में रहते हैं, जिसकी खिड़की से वही इलाका दिखता है, जहां ऐसी ज्यादातर एजेंसियां कतार में मौजूद हैं। वे बताते हैं कि उनके माता-पिता उन्हें ही दोष देते हैं, उन्हें लगातार बेचैनी और चिंता की समस्या रहती है और काम पर ध्यान तक नहीं लग पाता।

 

डेमोग्राफिक संकट की जड़ें

चीनी मर्द की कहानी सिर्फ एक व्यक्ति की निजी त्रासदी नहीं, बल्कि चीन में लंबे समय से चले आ रहे डेमोग्राफिक संकट का एक बेहद गंभीर रूप है। यहाँ यह गौर करने वाली बात नहीं है क्या कि चीन के कई अन्य देशों में इससे भयंकर स्थिति नहीं है ? दशकों तक चीन की कम्युनिस्ट पार्टी ने 'वन चाइल्ड पॉलिसी' लागू रखी, जिसके तहत दंपतियों को सिर्फ एक बच्चा पैदा करने की अनुमति थी, और बेटों को प्राथमिकता देने की प्रवृत्ति ने महिलाओं की संख्या कम कर दी। हम दो हमारे दो का फोर्मुला भी जनसंख्या नियंत्रण से सरोकार रखने वाला कितना है इस पर भी गौर किया जाना चाहिए

जनवरी 2016 में इस नीति को बदल दिया गया, लेकिन तब तक पुरुषों और महिलाओं के बीच बड़ा असंतुलन पैदा हो चुका था। आज चीन में महिलाओं की तुलना में करीब 3 करोड़ ज्यादा पुरुष हैं, जिसका सबसे ज्यादा असर वांग जैसे उन पुरुषों पर पड़ा है, जिनकी उम्र 30 के आखिरी वर्षों में है और जो छोटे शहरों या दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में रहते हैं।

 

फ्लैश मैरिज इंडस्ट्री का उभार

ऐसे इलाकों में महिलाएं अपनी पसंद को लेकर ज्यादा चुनिंदा हो सकती हैं क्योंकि उन्हें पता है कि उनकी मांग है, और कई परिवार शादी के समय "दुल्हन की ऊंची कीमत" भी मांगते हैं। चीन के कुछ हिस्सों में, जहां पुरुषों की संख्या महिलाओं से बहुत ज्यादा है, यह रकम एक बड़ा आर्थिक बोझ बन गई है, यही वजह है कि गुइझोऊ जैसी जगहों की मैट्रिमोनियल एजेंसियों की मांग बढ़ रही है।

ये एजेंसियां शादी के लिए एक ही जगह पर 'वन स्टेप क्विक सॉल्यूशन' देने का दावा करती हैं, जिसे "फ्लैश मैरिज" यानी बहुत कम समय में होने वाली शादी भी कहा जाता है। चीन में शादी कराने वाली एजेंसियां कोई नई बात नहीं हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि इनमें से कई एजेंसियां ऐसे पुरुषों को अपना निशाना बना रही हैं, जो उम्र बढ़ने के साथ जीवनसाथी ढूंढने में मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

 

सरकारी कार्रवाई और कानूनी चुनौतियां

मामला इतना बढ़ गया है कि चीन के सरकारी मीडिया ने हाल में ऐसी रिपोर्टें लिखीं कि इस इंडस्ट्री में 'तेज ग्रोथ' हुई है, जिसने 'गैरकानूनी गतिविधियों और अराजकता को जन्म दिया है।' जनवरी 2024 से मार्च 2025 के बीच अभियोजकों ने मैट्रिमोनियल उद्योग से जुड़े अपराधों के मामलों में 1,546 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की, और पांच अलग-अलग सरकारी एजेंसियों ने मिलकर देशव्यापी कार्रवाई शुरू की।

एक मामले में बताया गया कि एक मैट्रिमोनियल एजेंसी ने कराओके बार में काम करने वाली महिलाओं को चारे के तौर पर इस्तेमाल किया और 128 लोगों से 25 लाख युआन से ज्यादा की धोखाधड़ी की। लेकिन कानूनी मोर्चे पर बड़ी दिक्कत यह है कि चीनी कानून में शादी के नाम पर होने वाली इस तरह की ठगी के लिए अलग से कोई स्पष्ट आपराधिक अपराध तय नहीं है।

पीड़ितों को यह साबित करना पड़ता है कि शुरू से ही उनके जीवनसाथी का इरादा सिर्फ पैसा हड़पना था, जबकि आरोपी अक्सर दलील देते हैं कि वे सचमुच शादी करके अच्छा जीवन बिताना चाहते थे। इससे भी मुश्किल फर्जी मैचमेकिंग एजेंसियों से पैसा वापस पाना है, क्योंकि ऐसी एजेंसियां अक्सर पर्याप्त पैसा कमाने के बाद अपना कारोबार बंद कर देती हैं।

 

दूसरे पीड़ित और अधूरी जिंदगियां

यह चीनी मर्द ऐसा अकेला नहीं हैं; उनका छोटा-सा किराए का घर अब उन पुरुषों का अड्डा बन गया है, जो या तो अपनी 'भागी हुई दुल्हन' से पैसा वापस मांग रहे हैं या उस एजेंसी के मालिकों को ढूंढ रहे हैं जिसने उन्हें ठगा था।

जियांग्शी प्रांत के 59 वर्षीय एक बुजुर्ग जैसे पिता अपने बेटों के लिए पत्नी ढूंढते-ढूंढते करीब 5 लाख युआन खर्च कर चुके हैं, लेकिन 'फ्लैश मैरिज' के कुछ ही हफ्तों में बहू घर छोड़कर भाग गई और मामला तलाक तक पहुंच गया।

कई मामलों में महिलाओं ने शादी के रजिस्ट्रेशन के तुरंत बाद महंगे फोन, गहने, कारोबार के लिए बड़ी रकम और घर खरीदने के नाम पर पैसे लिए और फिर थोड़े समय साथ रहने के बाद गायब हो गईं। गुइयांग की अदालतों तक पहुंचे मामलों से साफ है कि कई एजेंसियों ने कराओके बार में काम करने वाली महिलाओं को 'चारा' बनाकर, कम समय में शादी और जल्द तलाक के जरिए दर्जनों पुरुषों से लाखों युआन ठगे हैं।

 

एजेंसियों की दलीलें और हकीकत

कई मैट्रिमोनियल एजेंसी मालिक बातचीत से बचते हैं, लेकिन जो खुलकर बोलते भी हैं, वे अपने धंधे को 'लोगों को उनका सच्चा साथी दिलाने का नेक काम' बताते हैं। उनका कहना है कि वे सिर्फ परिचय कराते हैं, बैकग्राउंड की जानकारी स्थानीय मैचमेकर देते हैं, जो गांव-कस्बों में परिवारों को पहले से जानते हैं, और अगर कोई झूठ पकड़ में आता है तो ग्राहक को पैसे वापस मिलने का अधिकार है।

असलियत में न तो किसी तरह की औपचारिक व सख्त बैकग्राउंड जांच होती है, न ही फीस और शर्तों में पारदर्शिता; कई एजेंसियां अपने चार्ज तक बताने को 'गोपनीय' कहकर टाल जाती हैं। उधर, सरकारी रिपोर्टों में खुद माना गया है कि इस उद्योग की तेज ग्रोथ ने गैरकानूनी गतिविधियों और अराजकता को बढ़ावा दिया है, और कई एजेंसियां महज धोखाधड़ी के अड्डे के रूप में काम कर रही हैं।

 

एक पुरुष की टूटी उम्मीद, कई सवाल

करीब दो साल से कानूनी दस्तावेजों के ढेर के बीच बैठा वह ठगीजा हुआ मर्द कहता हैं कि उन्हें अब भी नहीं पता कि अपनी 'पत्नी' से कब तलाक मिल पाएगा और कब वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकेंगे। वे यह भी स्वीकार करते हैं कि इस ठगी में वे खुद को दोषी मानते हैं, क्योंकि वे इतने बेचैन और दबाव में थे कि एजेंसी के दावों और कुछ मिनटों की मुलाकातों पर ही शादी जैसा बड़ा फैसला कर बैठे। यह चीनी मर्द कुछ पैसा वापस पाने में कामयाब रहे हैं, लेकिन पूरी रकम अभी नहीं मिली है, और वे कहते हैं कि इस तरह की घटना से गुजरने के बाद उन्हें खुद नहीं पता कि अब वे शादी कर भी पाएंगे या नहीं।

उनकी कहानी सिर्फ एक व्यक्ति की निजी त्रासदी नहीं, बल्कि उस समाज की तस्वीर है जहां जनसंख्या नीति, लैंगिक असंतुलन, शादी की सामाजिक बाध्यताएं और अनियंत्रित बाजार मिलकर आम लोगों की भावनाओं और जिंदगी भर की कमाई को दांव पर लगा रहे हैं।

भारत समेत उन सभी देशों के लिए, जहां शादी बाजार और मैट्रिमोनियल इंडस्ट्री तेजी से बढ़ रही है, वांग झुआंग की ये कहानी एक सख्त चेतावनी है कि प्रेम और विवाह जब सिर्फ सौदा बन जाएं, तो नुकसान सिर्फ जेब का नहीं, इंसान की उम्मीद और भरोसे का भी होता है।

#FlashMarriageScam  #ChinaMarriageFraud #MatchmakingScam  #FakeBrideScam #MarriageFraud #DatingScam #ChinaDemographicCrisis

-------------------------------------------------------------------------------------------------------

(आप हमें Facebook, X, Instagram, YouTube और Whatsapp पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं)


Any Error? Report us

Contents May Subject to copyright 

Disclaimer: We cannot guarantee the information is 100% accurate



Comments