19 साल बाद फिर लौटा इमरान हाशमी का ‘तेरा मेरा रिश्ता’, नए अंदाज में छाया 2.0 वर्जन

19 साल बाद इमरान हाशमी की फिल्म आवारापन का लोकप्रिय गाना ‘तेरा मेरा रिश्ता’ नए 2.0 वर्जन में लौट आया है। जानिए नए गाने से जुड़ी पूरी जानकारी।


बॉलीवुड के उन गानों की बात हो, जो सालों बाद भी लोगों की यादों में बसे हुए हैं, तो इमरान हाशमी की फिल्म आवारापन का ‘तेरा मेरा रिश्ता’ जरूर याद आता है। साल 2007 में रिलीज हुआ यह गाना एक बार फिर सुर्खियों में है। करीब 19 साल बाद इसका नया वर्जन ‘तेरा मेरा रिश्ता 2.0’ रिलीज किया गया है और आते ही सोशल मीडिया से लेकर यूट्यूब तक इसकी चर्चा होने लगी है।

‘आवारापन’ के गाने आज भी हैं खास

मोहित सूरी के निर्देशन में बनी आवारापन साल 2007 में रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसका म्यूजिक भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था। इन्हीं गानों में ‘तेरा मेरा रिश्ता’ ने अलग पहचान बनाई।इस गाने को प्रीतम ने कंपोज किया था, जबकि इसके बोल सईद कादरी ने लिखे थे। पाकिस्तानी सिंगर मुस्तफा जाहिद की आवाज ने इस गाने को एक अलग भावनात्मक पहचान दी थी। इमरान हाशमी पर फिल्माए गए इस सैड सॉन्ग को आज भी उनके यादगार गानों में गिना जाता है।

19 साल बाद नए अंदाज में ‘तेरा मेरा रिश्ता’

अब आवारापन 2 के लिए इसी लोकप्रिय गाने को नए अंदाज में रीक्रिएट किया गया है। ‘तेरा मेरा रिश्ता 2.0’ में पुराने गाने की भावनाओं को बरकरार रखते हुए म्यूजिक को नए दौर के हिसाब से तैयार किया गया है। इस नए वर्जन का म्यूजिक मिथुन ने रीक्रिएट किया है। वहीं गाने को साज भट्ट और सुबोध शर्मा ने अपनी आवाज दी है। इसके लिरिक्स में एक बार फिर सईद कादरी का योगदान है। नए वर्जन में पुराने गाने से जुड़े प्रीतम और मुस्तफा जाहिद को भी क्रेडिट दिया गया है।

रिलीज होते ही इंटरनेट पर छाया गाना

‘तेरा मेरा रिश्ता 2.0’ रिलीज के बाद तेजी से लोगों का ध्यान खींच रहा है। यूट्यूब पर गाने को 30 लाख से ज्यादा व्यूज मिलने की बात सामने आई है। सोशल मीडिया पर भी लोग पुराने गाने से जुड़ी अपनी यादें शेयर करते हुए नए वर्जन पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

कई म्यूजिक लवर्स का कहना है कि नया वर्जन सुनने के बाद उन्हें 2007 वाला दौर याद आ गया। कुछ लोग इसे बार-बार सुन रहे हैं, तो कुछ के लिए यह गाना पुराने इमरान हाशमी वाले म्यूजिक दौर की यादें ताजा कर रहा है।

पुराने एहसास और नए म्यूजिक का मेल

‘तेरा मेरा रिश्ता 2.0’ की सबसे खास बात यही है कि इसमें पुराने गाने की पहचान को पूरी तरह भुलाया नहीं गया, बल्कि उसे नए म्यूजिक अरेंजमेंट के साथ पेश करने की कोशिश की गई है। अब देखना होगा कि आवारापन 2 के साथ यह नया वर्जन दर्शकों के बीच कितना लंबा असर छोड़ता है।

#Awarapan Song #Emraan Hashmi Songs #Bollywood News  #Bollywood Songs #Mithoon #Saaj  
---------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------- 

(आप हमें Facebook, X, Instagram, YouTube और Whatsapp पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं)


Any Error? Report us

Contents May Subject to copyright 

Disclaimer: We cannot guarantee the information is 100% accurate

Comments