रविवार को खुले रहेंगे बैंक, ये सेवाएं रहेंगी जारी, फिर 3 दिन की हड़ताल

 


27 सितंबर रविवार को बैंक खुले रहेंगे और जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की बैंक हड़ताल रहेगी। राजस्थान में बैंकिंग कारोबार पर भी असर पड़ने की संभावना है।

****************

 आमतौर पर रविवार को बैंक बंद रहते हैं, लेकिन इस बार 27 सितंबर रविवार को बैंक खुले रहेंगे। इसके बाद 28 सितंबर से बैंक कर्मचारियों की तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल शुरू होगी, जो 30 सितंबर तक चलेगी। रविवार को बैंक खोलने का मकसद हड़ताल के दौरान ग्राहकों को होने वाली परेशानी को कम करना है। ऐसे में जिन लोगों के बैंक से जुड़े जरूरी काम हैं, वे 27 सितंबर को उन्हें निपटा सकते हैं।

रविवार को मिलेंगी ये बैंकिंग सेवाएं

27 सितंबर को बैंक शाखाओं में जरूरी बैंकिंग काम किए जाएंगे। इस दिन भुगतान, जमा, पैसे का अंतरण और FD बनाने जैसे काम किए जा सकेंगे। यानी हड़ताल शुरू होने से पहले ग्राहकों को अपने जरूरी काम निपटाने का मौका मिलेगा।

28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल

28, 29 और 30 सितंबर को बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित रहेगा। बैंक यूनियनों के अनुसार इस दौरान कुछ जरूरी सेवाएं सीमित रूप से जारी रह सकती हैं, लेकिन चेक क्लियरेंस, NEFT और RTGS जैसी सेवाओं पर असर पड़ सकता है। कैश जमा करने या निकालने, पैसे ट्रांसफर करने, FD बनवाने और शाखा से जुड़े दूसरे कामों में भी परेशानी आ सकती है। वहीं ATM, UPI और मोबाइल-इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध रहने की उम्मीद है।

राजस्थान में भी पड़ेगा असर

राजस्थान में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, ग्रामीण बैंकों और अन्य अनुसूचित बैंकों की करीब 5,000 से 5,500 से अधिक शाखाएं हैं। बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े लोगों के अनुसार राज्य में करीब 30 हजार अधिकारी और कर्मचारी इन राष्ट्रव्यापी हड़तालों में शामिल होते रहे हैं। राजस्थान में रोजाना बड़े स्तर पर बैंकिंग लेन-देन होता है। बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े अनुमान के मुताबिक हड़ताल के दौरान राज्य में करीब 10 हजार करोड़ रुपये तक का बैंकिंग कारोबार प्रभावित हो सकता है। इसमें करीब 3,000 से 5,000 करोड़ रुपये का नकद लेन-देन भी शामिल बताया जा रहा है।

सभी शनिवार छुट्टी की मांग को लेकर हड़ताल

बैंक कर्मचारी लंबे समय से सभी शनिवार को बैंक अवकाश देने की मांग कर रहे हैं। मई 2015 में महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी शुरू की गई थी। इसके बाद सभी शनिवार को छुट्टी देने की मांग उठती रही। 7 दिसंबर 2023 को IBA और बैंक यूनियनों के बीच इस संबंध में समझौता हुआ था। इसमें रोजाना 40 मिनट अतिरिक्त काम करने की बात भी रखी गई थी।

इसके बाद मार्च 2024 में 12वें द्विपक्षीय समझौते के दौरान इस प्रस्ताव को मंजूरी देकर आगे की प्रक्रिया के लिए वित्त मंत्रालय और RBI को भेजा गया। लेकिन अंतिम मंजूरी नहीं मिलने के कारण बैंक यूनियनें लगातार इस मांग को उठा रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर अब 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल बुलाई गई है।

ग्राहकों के लिए जरूरी बात

अगर आपको बैंक में कैश जमा या निकासी, FD, चेक या कोई दूसरा जरूरी शाखा संबंधी काम है तो 27 सितंबर रविवार को बैंक जाकर उसे निपटाया जा सकता है। इसके बाद लगातार तीन दिन हड़ताल रहने से बैंक की सामान्य सेवाओं पर असर पड़ सकता है।


#khabar_gawah    #Bank    #Banking_news    #Rajasthan_breaking_newa    #Bank_holidays 

हाल ही में प्रकाशित स्टोरी-

----------------------------------------------------------------------------------------

(आप हमें Facebook, X, Instagram, YouTube और Whatsapp पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं)


Any Error? Report us

Contents May Subject to copyright 

Disclaimer: We cannot guarantee the information is 100% accurate 

Comments