ई-लाइब्रेरी, कोचिंग हब, मल्टी स्टोरी पार्किंग, जनता क्लिनिक और नानी बीड़ इको पार्क समेत कई बड़े प्रस्ताव
सीकर। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस ने सीकर शहर के विकास का अपना विजन डॉक्यूमेंट जारी किया है। बजाज रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक राजेंद्र पारीक ने ‘विकसित सीकर-समृद्ध सीकर’ की सोच के साथ शहर के लिए करीब 30 बड़े विकास प्रस्तावों का खाका सामने रखा।
विजन डॉक्यूमेंट में सीकर की शिक्षा नगरी के रूप में पहचान को और मजबूत करने के साथ स्वास्थ्य, रोजगार, यातायात, स्वच्छता, पर्यावरण, महिला सुरक्षा, खेल, पशु कल्याण और डिजिटल सेवाओं को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
शिक्षा नगरी के लिए ई-लाइब्रेरी से विजडम वैली तक
विधायक राजेंद्र पारीक ने कहा कि सीकर को शिक्षा के क्षेत्र में और आगे ले जाने के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त ई-लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। विद्यार्थियों को पढ़ाई, नवाचार और करियर मार्गदर्शन के लिए बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विजडम वैली विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
बच्चों के शारीरिक, मानसिक और रचनात्मक विकास के लिए नेहरू बाल विकास केंद्र बनाने तथा आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए हर साल 100 NEET-JEE विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने की योजना भी विजन डॉक्यूमेंट में शामिल है।
मोहल्लों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सुविधा
स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के नजदीक पहुंचाने के लिए शहर में जनता क्लिनिक खोलने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा श्मशान घाटों और कब्रिस्तानों में शेड, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और हरियाली जैसी सुविधाओं के विकास को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
रोजगार के लिए अर्बन हाट और आधुनिक चौपाटी
स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और छोटे कारोबारियों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए साल में चार बार रोजगारपरक अर्बन हाट और मेले आयोजित करने का प्रस्ताव है।
युवाओं और छोटे व्यवसायियों को बेहतर मंच देने के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त सीकर चौपाटी विकसित करने तथा सीकर की शैक्षणिक अर्थव्यवस्था को देखते हुए व्यवस्थित कोचिंग हब बनाने की योजना भी सामने रखी गई है।
पार्किंग और ट्रैफिक पर बड़ा फोकस
शहर की बढ़ती यातायात समस्या के समाधान के लिए व्यावसायिक क्षेत्रों में मल्टी स्टोरी पार्किंग विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है। यातायात दबाव के अनुसार ट्रैफिक लाइट, डिवाइडर और स्पीड ब्रेकर लगाने, प्रमुख चौराहों का विकास करने और जरूरत के अनुसार यातायात मार्गों का पुनर्गठन करने की बात कही गई है।
मुख्य सड़कों के साथ आंतरिक गलियों को भी चरणबद्ध तरीके से डामरीकरण और सीमेंटेड निर्माण के जरिए बेहतर बनाने तथा शहर को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
जलभराव से निपटने के लिए आधुनिक ड्रेनेज
मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने का प्रस्ताव है। सीवरेज से वंचित कॉलोनियों में नेटवर्क का विस्तार करने के साथ वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन और नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही गई है।
नानी बीड़ बनेगा पक्षी विहार और इको पार्क
पर्यावरण संरक्षण के लिए नानी बीड़ को पक्षी विहार और इको पार्क के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा शहर में नए ग्रीन स्पेस और पार्क विकसित करने, मौजूदा पार्कों का सौंदर्यीकरण करने तथा स्मृति वन में ट्रीटेड वाटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने की योजना है।
महिलाओं की सुरक्षा और रोजगार पर जोर
महिला सुरक्षा के लिए प्रमुख चौराहों, बाजारों, कोचिंग क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर जरूरत के अनुसार CCTV कैमरे लगाने और स्ट्रीट लाइटिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रस्ताव है। सार्वजनिक स्थानों पर पिंक टॉयलेट विकसित करने के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों को नगर परिषद की योजनाओं में प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
इसके जरिए महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
खेल और पशु कल्याण के लिए भी योजनाएं
शहर के खेल ढांचे को मजबूत करने के लिए खेल स्टेडियम का चरणबद्ध जीर्णोद्धार और विभिन्न खेलों के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने का प्रस्ताव है।
वहीं नंदीशाला और गौशालाओं को नियमानुसार सहयोग देने तथा आवारा श्वानों की संख्या नियंत्रित करने के लिए पशु जन्म नियंत्रण यानी ABC कार्यक्रम को प्रभावी तरीके से संचालित करने की बात कही गई है।
नगर परिषद की सेवाएं होंगी डिजिटल
विजन डॉक्यूमेंट में नगर परिषद को डिजिटल बनाने पर भी खास जोर दिया गया है। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, पट्टा, नामांतरण और अन्य नागरिक सेवाओं को यथासंभव ऑनलाइन और समयबद्ध उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके लिए ‘कम समय, कम परेशानी और अधिक पारदर्शिता’ को आधार बनाने की बात कही गई है। लाइसेंस क्षेत्र का विस्तार और नगर परिषद की अपनी आवासीय योजना लाने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
नए क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार
नगर परिषद में शामिल होने वाले ग्राम पंचायत क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से विकसित करने का प्रस्ताव है। साथ ही नगर परिषद की अपनी आवासीय परियोजना विकसित करने की बात भी कही गई है।
चुनाव जीतने पर प्राथमिकता से काम करने का दावा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक राजेंद्र पारीक ने दावा किया कि कांग्रेस के ये प्रस्ताव केवल चुनावी घोषणाएं नहीं हैं, बल्कि सीकर के भविष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया विकास एजेंडा है। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत मिलने के बाद इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता गीठाला, निवर्तमान सभापति जीवन खान, शहर ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सैनी, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश फौजी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हाल ही में प्रकाशित स्टोरी-


Comments
Post a Comment