राजस्थान पुलिस का बड़ा डिजिटल कदम: अब मोबाइल से दर्ज होगा होटल में ठहरने वाले मेहमानों का रिकॉर्ड

Rajasthan Police ने RajCop Citizen Mobile App पर E-Visitor सुविधा शुरू की है। अब होटल, धर्मशाला और आवासीय प्रतिष्ठान मोबाइल से मेहमानों का रिकॉर्ड दर्ज कर सकेंगे।

***************  


    राजस्थान पुलिस ने पुलिसिंग को तकनीक के जरिए और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनसुविधाजनक बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। स्टेट क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (SCRB) की ओर से राजकॉप सिटीजन मोबाइल ऐप पर ‘ई-विजिटर’ (Hotel Log-In) सुविधा शुरू की गई है।

    नई सुविधा के बाद होटल, धर्मशाला और अन्य व्यावसायिक आवासीय प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले आगंतुकों का रिकॉर्ड अब मोबाइल फोन के जरिए आसानी से दर्ज किया जा सकेगा। इससे खासतौर पर छोटे होटल और धर्मशाला संचालकों को राहत मिलेगी, जिन्हें कंप्यूटर या अन्य डिजिटल संसाधनों की कमी के कारण ऑनलाइन रिकॉर्ड दर्ज करने में परेशानी होती थी।

अब मोबाइल से ही होगी ई-विजिटर एंट्री

    गृह विभाग, राजस्थान सरकार के 6 अप्रैल 2026 के परिपत्र की पालना में होटल, धर्मशाला और व्यावसायिक रूप से उपयोग किए जा रहे अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले लोगों का विवरण ई-विजिटर पोर्टल के माध्यम से दर्ज किया जाता रहा है। अब इस प्रक्रिया को और आसान बनाने के लिए इसे मोबाइल आधारित कर दिया गया है। अधिकृत होटल संचालक, मैनेजर या ऑपरेटर अपनी SSO ID से राजकॉप सिटीजन मोबाइल ऐप में लॉग-इन कर ई-विजिटर सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे।

मेहमानों की ये जानकारियां होंगी दर्ज

ई-विजिटर सुविधा के माध्यम से आगंतुक से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मोबाइल से दर्ज की जा सकेंगी। इनमें—

- कमरा नंबर और चेक-इन की तारीख

- आगमन और गंतव्य स्थान

- यात्रा या विजिट का उद्देश्य

- आगंतुक का नाम और मोबाइल नंबर

- लिंग और पता

- पहचान-पत्र का विवरण

- पहचान-पत्र की प्रति अपलोड करने की सुविधा

- होटल से चेक-आउट अथवा प्रस्थान का विवरण

शामिल हैं।

छोटे होटल और धर्मशाला संचालकों को मिलेगी राहत

    मोबाइल आधारित सुविधा शुरू होने से उन छोटे होटल, धर्मशालाओं और अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों के संचालकों को विशेष लाभ मिलेगा, जहां कंप्यूटर या अन्य डिजिटल संसाधन सीमित हैं। अब उन्हें अलग से कंप्यूटर सिस्टम पर निर्भर रहने की जरूरत कम होगी और मोबाइल के जरिए ही आगंतुकों का रिकॉर्ड दर्ज किया जा सकेगा इससे रिकॉर्ड दर्ज करने की प्रक्रिया तेज, आसान और अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

अपराध रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था में भी मिलेगी मदद

    ई-विजिटर के जरिए तैयार होने वाला डिजिटल रिकॉर्ड पुलिसिंग के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जरूरत पड़ने पर पुलिस को आगंतुकों से संबंधित जानकारी डिजिटल माध्यम से प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।इससे अपराध की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में तकनीकी मदद मिलेगी। डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध होने से पुलिस के लिए आवश्यक सूचनाओं तक पहुंच भी अधिक व्यवस्थित हो सकेगी।

राजस्थान पुलिस की डिजिटल पुलिसिंग को मिलेगा नया विस्तार

    राजस्थान पुलिस लगातार तकनीक के माध्यम से पुलिस सेवाओं को सरल और प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रही है। राजकॉप सिटीजन मोबाइल ऐप पर ई-विजिटर सुविधा की शुरुआत इसी डिजिटल पुलिसिंग अभियान का हिस्सा है। नई व्यवस्था से जहां होटल और धर्मशाला संचालकों के लिए रिकॉर्ड दर्ज करना आसान होगा, वहीं पुलिस को भी सटीक और डिजिटल जानकारी के जरिए सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण में बेहतर तकनीकी सहयोग मिल सकेगा।

Tags: #khabar_gawah #RajasthanPolice #RajCopCitizenApp #EVisitor #HotelLogIn                                #RajasthanNews #DigitalPolicing  

हाल ही में प्रकाशित स्टोरी-

----------------------------------------------------------------------------------------

(आप हमें Facebook, X, Instagram, YouTube और Whatsapp पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं)


Any Error? Report us

Contents May Subject to copyright 

Disclaimer: We cannot guarantee the information is 100% accurate

Comments