मोबाइल गुम या चोरी हो जाए तो घबराएं नहीं, तुरंत करें ये 10 काम; राजस्थान पुलिस की खास एडवाइजरी



    आज के दौर में स्मार्टफोन सिर्फ कॉल और मैसेज तक सीमित नहीं है। बैंक अकाउंट, यूपीआई, ई-मेल, सोशल मीडिया, ओटीपी और कई जरूरी दस्तावेज मोबाइल से जुड़े रहते हैं। ऐसे में फोन गुम या चोरी होना सिर्फ एक डिवाइस खोने की समस्या नहीं, बल्कि आपकी डिजिटल सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता है।

    इसी को ध्यान में रखते हुए राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने आमजन के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने बताया कि मोबाइल गायब होने के बाद फोन खोजने से पहले उससे जुड़े बैंकिंग और डिजिटल अकाउंट को सुरक्षित करना बेहद जरूरी है।


मोबाइल खोते ही सबसे पहले उठाएं ये कदम


1. फोन को तुरंत रिमोट लॉक करें

अगर आपका फोन एंड्रॉयड है तो किसी दूसरे डिवाइस से Find My Device और आईफोन है तो Find My iPhone का इस्तेमाल करके फोन को तुरंत लॉक करें। इससे फोन में मौजूद निजी जानकारी के गलत इस्तेमाल का खतरा कम किया जा सकता है।


2. यूपीआई और मोबाइल बैंकिंग सुरक्षित करें

अपने बैंक की आधिकारिक ऐप, वेबसाइट या कस्टमर केयर के जरिए मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और डिजिटल वॉलेट को अस्थायी रूप से ब्लॉक या सुरक्षित करवाएं।


3. बैंक खाते के ट्रांजेक्शन चेक करते रहें

फोन गुम होने के बाद बैंक अकाउंट पर खास नजर रखें। अगर कोई ऐसा लेन-देन दिखाई देता है जो आपने नहीं किया है, तो तुरंत बैंक को इसकी जानकारी दें।


4. गुम हुआ सिम तुरंत बंद करवाएं

मोबाइल नंबर का इस्तेमाल ओटीपी और कई ऑनलाइन अकाउंट के रिकवरी विकल्पों में होता है। इसलिए मोबाइल ऑपरेटर से संपर्क कर गुम हुए सिम को जल्द से जल्द बंद करवाएं।


5. उसी नंबर का नया सिम लें

    पुराना सिम बंद करवाने के बाद अपने नंबर का रिप्लेसमेंट या डुप्लीकेट सिम प्राप्त करें। नया सिम एक्टिव होने के बाद जरूरी अकाउंट की सिक्योरिटी सेटिंग्स दोबारा जांच लें।


6. ई-मेल और सोशल मीडिया के पासवर्ड बदलें

    किसी सुरक्षित मोबाइल या कंप्यूटर से Gmail/ई-मेल, सोशल मीडिया और दूसरे महत्वपूर्ण अकाउंट के पासवर्ड बदल दें। साथ ही यह भी जांचें कि रिकवरी ई-मेल और मोबाइल नंबर सही हैं या नहीं।


7. पुराने डिवाइस से अकाउंट लॉगआउट करें

    अपने महत्वपूर्ण ऑनलाइन अकाउंट की Logged-in Devices या Your Devices लिस्ट चेक करें। गुम हुए फोन या किसी अनजान डिवाइस को वहां से लॉगआउट कर दें और रिकवरी विकल्पों की भी समीक्षा करें।


8. 2FA जरूर एक्टिव रखें

    ई-मेल, सोशल मीडिया और अन्य महत्वपूर्ण अकाउंट में Two-Factor Authentication (2FA) चालू रखें। इससे केवल पासवर्ड पता होने की स्थिति में भी अकाउंट तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।


9. पुलिस में शिकायत दर्ज करवाएं

    मोबाइल गुम या चोरी होने की सूचना नजदीकी पुलिस थाने में दें। फोन का IMEI नंबर भी सुरक्षित रखें, क्योंकि आगे की कार्रवाई में इसकी जरूरत पड़ सकती है।


10. CEIR पोर्टल से IMEI ब्लॉक करवाएं

    पुलिस शिकायत के बाद Central Equipment Identity Register (CEIR) के जरिए मोबाइल के IMEI नंबर को ब्लॉक करवाया जा सकता है। इससे गुम या चोरी हुए मोबाइल के दोबारा नेटवर्क पर इस्तेमाल को रोकने में मदद मिलती है।


फोन खोने पर सिर्फ फोन की चिंता न करें

    राजस्थान पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि मोबाइल गुम होते ही केवल फोन की लोकेशन तलाशने में समय न लगाएं। सबसे पहले उससे जुड़े बैंकिंग, यूपीआई, सिम और ऑनलाइन अकाउंट को सुरक्षित करना जरूरी है। इसके बाद पुलिस शिकायत और IMEI ब्लॉक करने जैसी कार्रवाई करें।


साइबर ठगी हो जाए तो 1930 पर तुरंत कॉल करें

    अगर मोबाइल गुम या चोरी होने के बाद आपके साथ साइबर फ्रॉड हो जाता है या कोई ठगी का प्रयास करता है, तो बिना देरी किए नजदीकी पुलिस थाने या साइबर पुलिस थाने में शिकायत करें।

    साइबर अपराध की शिकायत cybercrime.gov.in पर भी दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा साइबर हेल्पलाइन 1930, राजस्थान साइबर हेल्पडेस्क 9256001930 और 9257510100 पर सूचना दी जा सकती है।

Tags:  #Khabar_Gawah #MobileLost, #PhoneStolen, #RajasthanPolice, #CyberCrime,                               #CyberSecurity


हाल ही में प्रकाशित स्टोरी-

----------------------------------------------------------------------------------------

(आप हमें Facebook, X, Instagram, YouTube और Whatsapp पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं)


Any Error? Report us

Contents May Subject to copyright 

Disclaimer: We cannot guarantee the information is 100% accurate

Comments